लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य जिला की साइबर थाना पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला की पहचान तिलक नगर निवासी सतविंदर कौर (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के पास से 20 हजार रुपये, मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद किया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला व्हाट्सएप पर लोन दिलाने की बात कर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। महिला लोगों से कहती थी कि वह बहुत आसानी से लोन दिलवा देगी। लोगों को जाल में फंसाकर सतविंदर उनसे मोटी रकम वसूल कर लेती थी। चार-पांच मामलों में शामिल होने की बात आरोपी ने स्वीकार की है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपित ने एक युवक से लोन के नाम पर 20 हजार रुपये ठग लिए थे। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला ने पहली बार 25 अप्रैल 2025 को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर लोन दिलाने की बात की थी। पीड़ित ने उस समय लोन लेने से मना कर दिया।
बाद में 16 जनवरी 2026 को महिला ने दोबारा पीड़ित से संपर्क किया तो उस समय पीड़ित को रुपयों की जरूरत थी। वह लोन दिलाने के लिए कहने लगे। महिला ने बताया कि लोन की रकम का 5 फीसदी हिस्सा उसे चाहिए। बात 3 फीसदी पर तय हो गई। पीड़ित से 20 हजार रुपये ऑन लाइन अपने खाते में महिला ने डलवा लिए।
रुपये लेने के बाद सतविंदर ने कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया और लोन भी नहीं दिलवाया। 13 मार्च को पीड़ित ने ठगी की शिकायत दी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू किया। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपित को तिलक नगर इलाके से दबोच लिया। इसने कई लोगों से इसी तरह ठगी की बात स्वीकार की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

