home page

मुठभेड़ में दबोचा गया 85 लाख की लूट का वांछित बदमाश

 | 
मुठभेड़ में दबोचा गया 85 लाख की लूट का वांछित बदमाश


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के मध्य जिले के पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने मुठभेड़ के बाद 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित बदमाश को गिरफ्तार किया। आरोपित ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक गोली इंस्पेक्टर की बुलेट प्रूफ जैकेट पर जा लगी। गनीमत रही कि जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान गौतमपुरी, उस्मानपुर निवासी अजय उर्फ कालिया (34) के रूप में हुई है। वह दिल्ली के शास्त्री पार्क थाने में दर्ज 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित था और कई अन्य संगीन वारदातों में भी शामिल रहा है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार सोमवार रात सूचना मिली थी कि आरोपित आईपी एस्टेट इलाके में रोज गार्डन सर्विस रोड के पास अपने साथियों से मिलने आएगा और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। इसके बाद स्पेशल स्टाफ की टीम ने इलाके में जाल बिछाया। पुलिस उपायुक्त के अनुसार रात करीब 12:22 बजे एक संदिग्ध युवक स्कूटी से मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। घिरने पर आरोपित ने स्कूटी छोड़ दी और पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग किया। एक गोली इंस्पेक्टर रोहित कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपित के पैरों में गोली मार दी। घायल होने पर वह गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। मुठभेड़ में घायल आरोपित को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, खाली खोखे, चोरी की स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में सामने आया कि बरामद स्कूटी मालवीय नगर इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार, अजय उर्फ कालिया दिल्ली और उप्र में लूट, हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आईपी एस्टेट थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी