थाईलैंड से चल रहा था ‘ओजी गांजा’ तस्करी नेटवर्क, दिल्ली पुलिस ने तीन दबोचे
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य जिला की आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित ‘ओजी गांजा’ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.03 किलोग्राम गांजा और करीब चार लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह का सरगना विदेश में बैठकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मेरठ निवासी फैजान रिजवी (24), दरियागंज निवासी रियाजुद्दीन (44) और शाहीन बाग निवासी नदीम बेग (42) के रूप में हुई है। वहीं, गिरोह का सरगना शोएब रिजवी उर्फ जेन मुजफ्फरनगर का रहने वाला है, जो फिलहाल थाईलैंड के बैंकॉक में रहकर इस अवैध कारोबार को चला रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर में छापेमारी भी की, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका। पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, 14 अप्रैल को आईपी एस्टेट थाना पुलिस गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर में दो बाइक सवार युवक गांजा सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने तड़के करीब चार बजे मौके पर घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद दो युवक बाइक पर पहुंचे, तभी एक अन्य युवक स्कूटी से आया और उसने डिग्गी से नकदी निकालकर गांजे के पैकेट लेने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस ने तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एक किलो से अधिक ‘ओजी गांजा’ और चार लाख रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि फैजान और नदीम गांजे की सप्लाई करने आए थे, जबकि रियाजुद्दीन नकदी लेकर खेप लेने पहुंचा था। जांच में सामने आया कि बरामद गांजा थाईलैंड से तस्करी कर भारत लाया गया था। नदीम इस नेटवर्क में अहम कड़ी था, जो विदेश से गांजा मंगवाने और सप्लाई चेन संभालने का काम करता था।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और दावा किया है कि जल्द ही सरगना समेत बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

