home page

सीसीटीवी ने खोला ट्रेन में चोरी का राज, 24 घंटे में आरोपित गिरफ्तार

 | 
सीसीटीवी ने खोला ट्रेन में चोरी का राज, 24 घंटे में आरोपित गिरफ्तार


बीकानेर, 08 अगस्त (हि.स.)। ट्रेन में महिला यात्री का पर्स चोरी कर फरार हुए आरोपित को आरपीएफ और जीआरपी कोटा की संयुक्त टीम ने महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपित तक पहुंची टीम ने उसके कब्जे से करीब 2.18 लाख कीमत के चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 12903 में यात्रा कर रही महिला यात्री का पर्स चोरी होने की शिकायत रेल मदद पोर्टल पर प्राप्त हुई थी। महिला ने बताया था कि पर्स में सोने के जेवरात भी रखे हुए थे। शिकायत के आधार पर जीआरपी कोटा ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन तथा स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज का बारीकी से विश्लेषण करने और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर टीम ने आरोपी की पहचान कर ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान संतोष शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपित के कब्जे से करीब 2,18,000 मूल्य के चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए गए।

इस कार्रवाई में आरपीएफ कोटा मंडल टीम, आरपीएफ पोस्ट कोटा और जीआरपी कोटा की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर तालमेल तथा सीसीटीवी फुटेज के प्रभावी विश्लेषण से मामले का तेजी से खुलासा हुआ और चोरी की संपत्ति बरामद की जा सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव