क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग में शिमला पुलिस प्रदेश में नंबर वन, हमीरपुर सबसे पीछे
शिमला, 27 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस की डिजिटल पुलिसिंग रैंकिंग में इस बार शिमला जिला सबसे आगे रहा है। राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) की ओर से जारी पहली तिमाही 2026 की क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) प्रगति रिपोर्ट में शिमला को पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिला है, जबकि हमीरपुर जिला सूची में सबसे नीचे रहा।
रिपोर्ट के अनुसार जनवरी से मार्च 2026 के बीच पुलिस थानों में दर्ज मामलों, जांच से जुड़े ऑनलाइन रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा एंट्री के आधार पर यह रैंकिंग तैयार की गई। शिमला जिला को 41.15 अंक मिले। इसके बाद नूरपुर जिला पुलिस 41.12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। किन्नौर तीसरे, बिलासपुर चौथे और लाहौल-स्पीति पांचवें स्थान पर रहा। वहीं हमीरपुर को सबसे कम 34.73 अंक मिले।
रिपोर्ट में कई पुलिस थानों के प्रदर्शन को भी अलग-अलग श्रेणियों में आंका गया है।
50 से अधिक एफआईआर वाले थानों की श्रेणी में सिरमौर का माजरा थाना पहले स्थान पर रहा। मंडी सदर थाना दूसरे और बिलासपुर सदर थाना तीसरे स्थान पर रहा। शिमला का बालूगंज थाना भी शीर्ष थानों में शामिल रहा।
25 से 50 एफआईआर वाले थानों की श्रेणी में छोटा शिमला थाना पूरे प्रदेश में पहले नंबर पर रहा। बरमाणा थाना दूसरे और रामपुर थाना तीसरे स्थान पर रहा। इस सूची में ढली, रोहड़ू, ठियोग, कुमारसैन और कोटखाई जैसे शिमला जिला के कई थानों ने जगह बनाई।
25 से कम एफआईआर वाले थानों की सूची में किन्नौर का रिकांगपिओ थाना पहले स्थान पर रहा, जबकि शिमला का चिड़गांव थाना दूसरे नंबर पर रहा। चौपाल, नेरवा, सुन्नी, जुब्बल और संजौली जैसे कई थाने भी बेहतर प्रदर्शन करने वालों में शामिल रहे।
महिला पुलिस थानों की रैंकिंग में मंडी महिला थाना पहले स्थान पर रहा। कुल्लू और नाहन महिला थाना दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। न्यू शिमला महिला थाना दसवें नंबर पर रहा।
इंटर ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम यानी आईसीजेएस सर्च रैंकिंग में नूरपुर थाना सबसे आगे रहा। इस थाने ने तीन करोड़ के करीब डिजिटल सर्च किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

