home page

सीबीएन राजस्थान यूनिट की कार्रवाई, तीन ऑपरेशन में 1229 किलो डोडा चूरा जब्त, दो ट्रक भी पकड़े

 | 
सीबीएन राजस्थान यूनिट की कार्रवाई, तीन ऑपरेशन में 1229 किलो डोडा चूरा जब्त, दो ट्रक भी पकड़े


चित्तौड़गढ़, 26 मई (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने तीन अलग-अलग कार्रवाई में कुल 1229.005 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। इस दौरान 2 ट्रक जब्त कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर मामले में अनुसंधान किया जा रहा है।

उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल ने बताया कि गुप्त सूचना पर CBN जयपुर और कोटा सेल ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। झारखंड से पंजाब जा रहे चंडीगढ़ नंबर के ट्रक को NH-21 पर लुधवाई टोल प्लाजा, भरतपुर के पास रोका गया। तलाशी में 46 पॉली बैग से 1088.455 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। ट्रक जब्त कर एक आरोपी को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया गया। उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि दूसरी कार्यवाही CBN जयपुर सेल ने डीडवाना रोड पर छोटी छापरी टोल प्लाजा के पास राजस्थान नंबर के ट्रक को रोका। ड्राइवर की सीट के पीछे छिपाए दो पॉली बैग से 40.210 किलोग्राम डोडा चूरा मिला। ट्रक जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया।

उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि CBN उदयपुर सेल और जिला अफीम अधिकारी चित्तौड़गढ़ प्रथम ने चकतिया-रकामपुरा मार्ग पर ऑपरेशन चलाया। यहां बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिए थे। CBN टीम को देख दोनों जंगल में भाग गए। टीम ने जंगल में तलाशी ली तो लावारिश अवस्था में 5 कट्टों में भरा 100.340 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल