home page

जबलपुर सीबीआई टीम ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी 45 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

 | 
जबलपुर सीबीआई टीम ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी 45 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार


जबलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। न्यू कटनी जंक्शन में पदस्थ रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (इलेक्ट्रिक-एम) अजयवीर सिंह को सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जबलपुर की टीम ने 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

बताया गया है कि आरोपी अभियंता ने रेलवे स्टेशन पर काम करने वाले ठेकेदार के कर्मचारियों से प्रति कर्मचारी 1500 रुपये के हिसाब से रिश्वत मांगी थी। सीबीआई ने 5 नवंबर की रात ट्रैप कार्रवाई कर उसे दबोचा। शुक्रवार, 6 नवंबर को जबलपुर स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश किए जाने पर उसे 12 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सीबीआई के अनुसार, कटनी के श्याम मुखर्जी वार्ड निवासी शशांक कुशवाहा ने रेलवे अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता रेलवे में ठेकेदार हैं और उनके कई कर्मचारी स्टेशन पर काम करते हैं। आरोप है कि कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद अजयवीर सिंह ने प्रत्येक कर्मचारी से 1500 रुपए के हिसाब से कुल 45 हजार रुपए की मांग की थी।

शिकायत के आधार पर 4 नवंबर को सीबीआई उपनिरीक्षक आयुष कुमार ने स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में रिश्वत मांगने के आरोपों का सत्यापन किया। इसमें अधिकारी द्वारा 45 हजार रुपए मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद 5 नवंबर की रात सीबीआई एसीबी जबलपुर ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप की योजना बनाई।

ट्रैप कार्रवाई से पहले कटनी पुलिस लाइन में स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरी तैयारी की गई। शिकायतकर्ता के पिता तेजराम कुशवाहा ने सीबीआई टीम को 500 रुपए के 90 नोट, कुल 45 हजार रुपए उपलब्ध कराए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

सीबीआई के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने तेजराम कुशवाहा से जैसे ही 45 हजार रुपए की रिश्वत ली, तय संकेत मिलते ही टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक