सीबीगंज की आईटीआर कॉलोनी में बिजली चोरी पकड़ी, 12 पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, 15 अप्रैल (हि.स.) । बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को सीबीगंज स्थित आईटीआर कॉलोनी में विद्युत विभाग की टीम ने सघन चेकिंग की। अधीक्षण अभियंता, विद्युत नगरीय वितरण मंडल के निर्देश पर गठित टीम ने कुल 71 परिसरों की जांच की, जिसमें 12 स्थानों पर अवैध रूप से बिजली चोरी करते लोग पकड़े गए।
जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित उपभोक्ता सीधे केबल डालकर (कटिया मारकर) बिजली का उपयोग कर रहे थे। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सभी 12 आरोपितों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं, अभियान के दौरान 16 परिसर बंद मिले, जिनकी अलग से रिपोर्ट तैयार की गई है।
अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम शहरी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली चोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें।
अधिकारियों ने कहा कि बिजली चोरी से विभाग को नुकसान के साथ-साथ ईमानदार उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार पड़ता है, इसलिए इस पर अंकुश लगाना जरूरी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

