अवैध हथियार के साथ युवक को पकड़ा
पिस्टल और मैंगजीन बरामद, पहले से दर्ज है तीन प्रकरण
जोधपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण की डीएसटी और पीपाड़शहर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए युवक से देशी पिस्टल और मैंगजीन बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले भी प्रकरण दर्ज है। उससे अब अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है। वह पंचायत चुनाव के बीच अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा आगामी पंचायतीराज चुनावों को निष्पक्ष, भयमुक्त व शांतिपूर्वक सम्पन्न करवाने के लिए राज्यभर में चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कड़ेला के निकट सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा को आम चुनावों के दौरान आमजन में भय उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों व अवैध हथियार तस्करों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
डीएसटी के कमाण्डो सोहनराम को जरीये खास मुखबिर सूचना मिली कि रामदयाल देवासी निवासी रियां सेठा री अपने पास अवैध पिस्टल लिये रियां से नाथूनगर की तरफ जाने वाले रास्ते पर घूम रहा है। जिस पर एएसआई श्रवणकुमार भवंरिया के नेतृत्व में रियां सेठा री से नाथूनगर जाने वाले रास्ते पर पहुंचे तब एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। जिसकी पुलिस जाब्ता द्वारा घेराबंदी कर नाम पता पूछने पर अपना नाम रामदयाल पुत्र श्रवणराम देवासी निवासी रियां सेठा री होना बताया। उसकी तलाशी में 01 अवैध देशी पिस्टल मय मैग्जीन बरामद हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

