सूचना पर घर में रेड : अवैध पिस्टल के साथ पांच हजार के इनामी को पकड़ा
जोधपुर, 05 नवम्बर (हि.स.)। कमिश्ररेट की क्राइम स्पेशल टीम ने पांच हजार की इनामी और उसके साथी को पकड़ा है। आरोपित के पास से पुलिस ने एक पिस्टल को भी जब्त किया है। एक आरोपित नजदीक के गांव में राजनीतिक पहुंच वाला बताया गया है और कई प्रकरण पहले भी सामने आ रखे है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया के निर्देशन में की गई।
सीएसटी के प्रभारी मेहराज तंवर को आरोपित के बारे में मुखबिरी सूचना मिली। जिस पर पुलिस की टीम ने आरोपित सांगरिया निवासी ललित पटेल पुत्र जयरूप पटेल के घर पर सीएसटी ने रेड दी और उसे दस्तयाब किया गया। उसके पास में अवैध पिस्टल की जानकारी मिली थी। पूछताछ में ललित पटेल ने बताया कि उसने पिस्टल महेंद्र बर्रा पुत्र चंदाराम, निवासी सांगरिया को दे रखी है। इस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महेंद्र बर्रा के कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की।
सीएसटी के मेहराज तंवर के अनुसार आरोपित ललित पटेल विभिन्न थानों में वांछित है। थाना गोठड़ा, जिला झुंझुनूं में उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। अग्रिम कार्रवाई के लिए दोनों आरोपिताें को थाना बासनी पुलिस के सुपुर्द किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

