भारत-नेपाल सीमा पर 2.05 लाख भारतीय और 79 हजार नेपाली रुपये के साथ मवेशी व्यापारी गिरफ्तार
किशनगंज, 05 नवंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध रूप से भारतीय मुद्रा ले जाने के मामले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नेपाली मवेशी व्यापारी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2 लाख 5 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा और 79 हजार नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं।
एसएसबी ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। कार्रवाई 19वीं वाहिनी एसएसबी की एफ कंपनी धनतोला के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 128 के समीप की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नेपाली नागरिक मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में भारतीय रुपये लेकर नेपाल जाने वाला है।
सूचना के आधार पर पार्टी कमांडर इंस्पेक्टर गौर मोहन रॉय के नेतृत्व में गश्ती दल ने सीमा की ओर जा रहे बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 411 नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 5 हजार 500 रुपये थी। इसके अलावा नेपाली मुद्रा में 1000 रुपये के 49 और 500 रुपये के 60 नोट मिले। नेपाली मुद्रा की कुल कीमत 79 हजार रुपये आंकी गई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 44 वर्षीय वारेक सेक, पिता सेक मोहम्मद, निवासी शरणामती वार्ड संख्या-2, राजगढ़, नेपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह मवेशी का कारोबार करता है। लोहागाड़ा हाट में मवेशी बेचने के बाद प्राप्त रकम लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर नेपाल लौट रहा था।
एसएसबी ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद भारतीय एवं नेपाली मुद्रा तथा मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार व्यापारी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय ठाकुरगंज को सौंप दिया।गौरतलब है कि इससे पहले 13 अक्टूबर को भी इसी सीमा क्षेत्र में एसएसबी ने एक नेपाली मवेशी व्यापारी को 2 लाख 1 हजार रुपये भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सीमावर्ती क्षेत्र में नकदी के आवागमन और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

