home page

अनूपपुर: मवेशी तस्करी, एक गिरफ्तार, पांच और नाम सामने आए

 | 
अनूपपुर: मवेशी तस्करी, एक गिरफ्तार, पांच और नाम सामने आए


अनूपपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में मवेशियों को दूसरे राज्य ले जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आए पांच अन्य लोगों के खिलाफ बुधवार को पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस के अनुसार 3 सितंबर की रात बंधवाटोला गांव से तीन भैंसें बरामद की गई थीं। जिसे झींक बिजुरी ले जाकर वहां से ट्रक के जरिए बाहर भेजने की बात सामने आई है।

थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बंधवाटोला और सुईडांड से मवेशियों को झींक बिजुरी की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने बंधवाटोला में घेराबंदी की। इस दौरान एक व्यक्ति तीन भैंसों को मारते-पीटते हुए ले जाता मिला। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तीनों भैंसें बरामद कर लीं। पुलिस ने आरोपी की पहचान टेकटा टोला निवासी जुगलू सिंह गोंड के रूप में की। जब्त तीनों भैंसों की कीमत करीब 1.20 लाख रुपए बताई गई है। पूछताछ में जुगलू ने पुलिस को बताया कि वह भैंसों को झींक बिजुरी ले जा रहा था। जुगलू ने पूछताछ में बताया कि झींक बिजुरी निवासी आरिफ खान उसे मवेशियों को जिला पार कराने के बदले 400 रुपए देता था। उसने यह भी बताया कि वह बबलू जोगी के साथ खोड़री गांव में केवई नदी के पास गया था। वहां ललुआ जायसवाल, रघुवर साहू और बाबूराम तीन भैंसों को हांककर लाए थे।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मवेशियों को झींक बिजुरी में इकट्ठा करने और वहां से ट्रक में लोड कर बाहर भेजे जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने जुगलू सिंह गोंड के अलावा बबलू जोगी, आरिफ खान, ललुआ जायसवाल, रघुवर साहू और बाबूराम के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस पांचों आरोपियों की तलाश कर रही है।

जैतहरी में भी पकड़े जा चुके हैं मवेशी

इससे पूर्व जैतहरी थाना क्षेत्र के लपटा गांव में चार बाड़ों से 96 मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने से पहले मुक्त कराया गया था। इसके बाद जैतहरी पुलिस ने तीन पिकअप वाहनों में लदे 20 मवेशियों को पकड़ा था। अब कोतमा पुलिस ने तीन भैंसों को पकड़ने की कार्रवाई की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला