मवेशी तस्करी मामले में 14वां आरोपित गिरफ्तार, बलंगी पुलिस की कार्रवाई
बलरामपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे 14वें आरोपित को बलंगी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में इससे पहले 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के निवासी मोहम्मद अब्दुल खलीफ उर्फ मुखिया (55) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आज गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, घटना 19 मार्च 2026 की है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि सात पिकअप वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। तस्करी में शामिल लोग सफेद रंग की ब्रेजा कार से पिकअप वाहनों को रास्ता दिखाते हुए आगे चल रहे थे। सूचना पर पुलिस ने बलंगी गेट के सामने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इस दौरान कार और उसके पीछे आ रहे सात पिकअप वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, कुछ पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगे। पीछा करने के दौरान दो पिकअप वाहनों को पकड़ा गया, जबकि अन्य वाहन भाग निकले। पकड़े गए वाहनों में सात-सात मवेशियों को बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए मवेशियों और वाहनों को जब्त किया तथा संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में आज गुरुवार को अब्दुल खलीफ उर्फ मुखिया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, उसने घटना में अपने पिकअप वाहन का इस्तेमाल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक कुल 14 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

