जांजगीर-चांपा में मवेशी तस्करी के मामले में 2 फरार आरोपित गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस ने भेजा जेल
जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पामगढ़ पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को आज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। कार्रवाई के दौरान कुल 19 मवेशियों को जब्त किया गया था, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को पामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरसी निवासी रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू (55 वर्ष) अपने साथियों के साथ मवेशियों को मारते-पीटते और बिना चारा-पानी के हांकते हुए ग्राम डोंगाकोहरौद की ओर ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डोंगाकोहरौद के पास रामसागर महिलांगे को पकड़ा था।
पूछताछ में घटना में शामिल होने की बात सामने आने पर पुलिस ने उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। इस दौरान पुलिस ने 7 भैंसी और 12 भैंस समेत कुल 19 मवेशियों को जब्त किया था।
मामले में सरोज कुमार यादव (54 वर्ष), निवासी कोसा और तुम्मन यादव (21 वर्ष), निवासी बोरसी, थाना पामगढ़ फरार चल रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले तथा आरक्षक भुनेश्वर पटेल और सीताराम सूर्यवंशी का सराहनीय योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

