(अपडेट) मवेशी तस्करी मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र की बलंगी चौकी पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे 13वें आरोपित को गिरफ्तार किया है। आज बुधवार को गिरफ्तार आरोपित मो. दिलजान अहमद अंसारी (40) निवासी उमरहर, थाना जियावन, जिला सिंगरौली, मध्य प्रदेश को पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सात पिकअप वाहनों में मवेशियों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर बलंगी चौकी गेट के सामने वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक सफेद ग्रैंड विटारा कार और उसके पीछे सात पिकअप वाहन आते दिखाई दिए।
पुलिस के मुताबिक, वाहन रोकने का प्रयास करने पर पिकअप चालक वाहनों को अलग-अलग रास्तों से भगाने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो पिकअप वाहनों को पकड़ा, जबकि चालक मौके से फरार हो गए। दोनों वाहनों में सात-सात भैंस और भैंसी को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक बांधकर भरा गया था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पूछताछ में आरोपितों द्वारा अन्य साथियों के साथ घटना में शामिल होने की जानकारी मिलने का पुलिस ने दावा किया। मामले में अब तक 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को फरार 13वें आरोपित मो. दिलजान अहमद अंसारी के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे 23 सितंबर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने घटना में अपने पिकअप वाहन के प्रयुक्त होने की जानकारी दी। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 111 (1), 111 (2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 (1)(घ) के तहत कार्रवाई की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

