गौ तस्करों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो सगे भाइयों के पैर में लगी गोली
कानपुर, 15 जून (हि.स.)। जूही थाना क्षेत्र में रविवार देर रात गौ तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में दो सगे भाइयों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से एक गोवंश, तमंचा, चापड़ और अन्य सामान बरामद किया गया है। घायल दोनों आरोपितों को उपचार के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और एडीसीपी ऑपरेशन को सूचना मिली थी कि कुछ लोग रावतपुर क्षेत्र से गोवंश खरीदकर परमपुरवा रेलवे ट्रैक के पास ले जाते हैं और वहां उनका वध करते हैं। सूचना के आधार पर जूही पुलिस की तीन टीमों को आरोपितों की तलाश में लगाया गया।
योजनाबद्ध तरीके से पुलिस टीम रेलवे ट्रैक के पास पहुंची तो वहां एक गोवंश के साथ चार लोग दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर सभी भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर चमनगंज निवासी मोहम्मद आमिर और रायपुरवा निवासी श्यामजी तिवारी को पकड़ लिया। जबकि परमपुरवा निवासी सगे भाई चांद आलम और रेहान उर्फ सद्दाम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद दोनों भाई रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में छिपे मिले। पुलिस के मुताबिक घिरता देख दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से एक गोवंश को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही आरोपितों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चापड़, प्लास्टिक की बोरी और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। घायल आरोपितों को पुलिस अभिरक्षा में हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित पहले भी गौ तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

