home page

क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 24 मवेशी मुक्त: रोशना पुलिस ने दो पिकअप जब्त कर एक तस्कर को दबोचा

 | 
क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 24 मवेशी मुक्त: रोशना पुलिस ने दो पिकअप जब्त कर एक तस्कर को दबोचा


कटिहार, १० अक्टूबर (हि.स.)। जिले की रोशना थाना पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए लालगंज बांध के पास से दो पिकअप वाहनों में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 24 मवेशियों को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक पशु तस्कर को दबोच लिया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।

रोशना थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर दो पिकअप गाड़ियों में पशुधन को क्रूरतापूर्वक लादकर अवैध परिवहन करते हुए लालगंज बांध की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने लालगंज बांध के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखते ही दोनों पिकअप वाहनों के चालकों ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया।

पिकअप की तलाशी लेने पर वाहनों में ठूंस-ठूंस कर लदे कुल 24 मवेशी बरामद हुए। पुलिस ने मौके से बरारी थाना क्षेत्र के बैसा बासगढ़ा निवासी मो. अकरम (30 वर्ष, पिता- अब्दुल सुभान) को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 24 मवेशी, 2 पिकअप और 1 मोबाइल जब्त किया है। रोशना थाना पुलिस इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह