श्रीरामपुर में 10 मवेशियों समेत वाहन जब्त
कोकराझार (असम), 23 अप्रैल (हि.स.)। निचले असम के कोकराझार जिलांतर्गत गोसाईगांव महकमा के श्रीरामपुर क्षेत्र में आज तड़के पुलिस ने एक महत्वपूर्ण अभियान चलाते हुए मवेशी तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोसाईगांव के महकमा पुलिस अधिकारी मोंटूराम बोरा के नेतृत्व में तथा शिमुलटापु पुलिस चौकी प्रभारी संजीव हैंडिक के साथ पुलिस की एक टीम ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने एक डीआई वैन (एएस-19एसी-9232) को जब्त किया, जिसमें 10 मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। तस्करों ने इन मवेशियों को सब्जियों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाने की कोशिश की थी, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
पुलिस के अनुसार, वाहन चालक ने मानिक डाबा के पास गाड़ी रोककर मौके से फरार होने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई को क्षेत्र में मवेशी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

