घुमंतू मवेशियों को लेकर दो गुटों में विवाद, लाठी-डंडों से हमला; घायल ग्रामीण की मौत, 7 गिरफ्तार
बिलासपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में घुमंतू मवेशियों को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चार ग्रामीणों पर लाठी-डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल जीवन मेहर की सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आज बुधवार को सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपित अभी फरार है।
डीएसपी सुदीप सरकार के मुताबिक, 20 अगस्त 2026 की शाम ग्राम लिमतरा निवासी उमेश बरगाह, मुंडूल केंवट, जीवन मेहर सहित अन्य ग्रामीण धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान करीब 15 से 20 घुमंतू मवेशी फसल को नुकसान पहुंचाते मिले।
ग्रामीणों ने मवेशियों को खेत से भगाया और ग्राम रलिया से आगे भारतमाला सड़क के किनारे छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे रलिया भारतमाला रोड पुल के पास कुछ लोगों ने ग्रामीणों को रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, वहां मवेशियों को लेकर ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने ग्रामीणों पर मवेशियों को उनके खेतों की ओर लाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
विवाद बढ़ने के बाद आरोपितों ने लाठी-डंडों, हाथ और मुक्कों से चार ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में उमेश बरगाह समेत अन्य ग्रामीणों को चोटें आईं।
हमले में मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए तत्काल सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान जीवन मेहर ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।
डीएसपी ने बताया कि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर आरोपितों की तलाश की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गजानंद पटेल, अजय चंद्राकर, अश्विनी पटेल, आलोक सिदार, कोमल चंद्राकर, लोमस चंद्राकर और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू, सभी निवासी ग्राम रलिया, को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
लाठी-डंडे सहित सामान जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे सहित अन्य सामान जब्त किया है। आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 103(2) और 112 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस फरार आरोपित की तलाश के साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

