home page

यात्री बस से 22.50 लाख रुपये नकद बरामद, चालक-खलासी गिरफ्तार

 | 
यात्री बस से 22.50 लाख रुपये नकद बरामद, चालक-खलासी गिरफ्तार


कूचबिहार, 28 अगस्त (हि. स.)। असम-बंगाल सीमा पर लग्जरी यात्री बस की आड़ में कथित तौर पर नकदी की तस्करी का मामला सामने आया है। शुक्रवार को भांगा पाकरी नाका चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस ने एक यात्री बस से 22 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए है। रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जाने पर पुलिस ने बस चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार दोनों आरोपितों की पहचान अजीनुर मियां और नासिरुद्दीन शेख के रूप में हुई है। दोनों असम और अलीपुरद्वार क्षेत्र के निवासी बताए गए है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, असम से बंगाल में प्रवेश कर रही एक लग्जरी बस पर संदेह होने के बाद नाका पर उसकी तलाशी ली गई। बस में यात्रियों की तुलना में सामान अधिक था। तलाशी के दौरान एक लावारिस बैग से 500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुई। इतनी बड़ी रकम देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। घटना की सूचना पाकर सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार दास और ओसी कपिलदेव राय सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस का अनुमान है कि यह रकम असम के किसी इलाके से भूटान सीमा से सटे क्षेत्र में पहुंचाने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार