(अपडेट) सरकारी भूमि कब्जा करने और बवाल मामले में 19 नामजद सहित 50 अज्ञात उपद्रवियों पर मुकदमा दर्ज
अमेठी, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में भादर ब्लाक अंतर्गत नरहरपुर गांव में शनिवार की सुबह बिना परमिशन के सरकारी जमीन पर बनाए गए चबूतरे को पुलिस प्रशासन ने हटवा दिया। इसके बाद एकत्रित हुए ग्रामीणों ने फिर से चबूतरा बनाकर उस पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित कर दिया। जिसको हटवाने पहुंचे पुलिस प्रशासन पर ग्रामीणों ने पत्थराव कर दिया था। मामले में
प्रशासन ने एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया और 19 नामजद तथा 40 से 50 की संख्या में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि अंबेडकर जयंती के पूर्व नरहरपुर गांव में 132 की रिजर्व लैंड अर्थात सुरक्षित श्रेणी की भूमि जो खंडवार के नाम से आवंटित है। जहां पर मृत पशुओं को दफनाने तथा उनके खाल निकालना का कार्य किया जाता है। इसी जमीन पर ग्रामीणों ने एकत्रित होकर अवैध अतिक्रमण करते हुए एक कच्चा चबूतरा बनवाया था। जिसको शनिवार पुलिस प्रशासन ने जेसीबी के माध्यम से हटवा दिया। इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने तत्काल वहां पर दूसरे चबूतरे का निर्माण कर उस पर बाबा साहब अंबेडकर की मूर्ति स्थापित कर दिया। इस बात की सूचना जैसे ही पुलिस प्रशासन को लगी कई थानों की फोर्स के साथ नायब तहसीलदार और एसडीएम मौके पर पहुंचे उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा को सुरक्षित अपने कब्जे में लेते हुए बिना अनुमति के सरकारी जमीन पर मूर्ति स्थापित करवाने वालों को जाने को कहा गया। इस दौरान एकत्रित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर पत्थरबाजी कर दिया। जिससे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ राजस्व कर्मियों को हल्की चोटें आई।
एएसपी ने बताया कि घटना के बाद 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसी के साथ थाना रामगंज में राजस्वकर्मी की तहरीर पर 19 नामजद तथा 40 से 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। घटनास्थल पर बने वीडियो के आधार पर अन्य लोगों को भी चिन्हित करने में पुलिस जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

