गर्भस्थ शिशु की मौत के साढ़े तीन महीने बाद मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 19 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र स्थित पत्योरा में पड़ोसी के बच्चों को डांटने से नाराज पड़ोसी ने अपने साथी के साथ मिलकर गर्भवती के पेट में लात मार दी, जिससे पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। साढ़े तीन माह बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है।
पत्योरा निवासी नफीसा खातून ने अदालत को अवगत कराया था कि उसके पड़ोसी रमजान की छत मेरी छत से जुड़ी हुई है। गत 31 मई की शाम 7 बजे पड़ोसी के बच्चे मेरी छत में आकर उछल-कूद करते हुए शोर मचा रहे थे, जिनको डांट कर भगा दिया था। इससे नाराज होकर रमजान अपने साथी अब्दुल के साथ आकर दरवाजे पर गाली गलौज करने लगा। मना करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जमीन पर गिराकर उसके पेट में लात मार दी इससे उसके पेट में पल रहे बच्चे की दो जून को कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पड़ोसी ने बचाने दौड़े मेरे जेठ बकरीद और ससुर समी अहमद के साथ भी मारपीट की और जान से मार देने की धमकी देकर चले गए। अदालतत के आदेश पर साढ़े तीन माह बाद पुलिस ने रमजान और अब्दुल के खिलाफ गंभीर धाराओं मुकदमा दर्ज कर के जांच शुरू की है। थानाध्यक्ष पवन पटेल ने शनिवार को बताया कि अदालत के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

