फर्जी नियुक्ति पत्र से सरकारी नौकरी का झांसा, दाे लाख की ठगी, अपराध दर्ज
रायपुर, 5 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लाख रुपये लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर थाना तेलीबांधा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी विनोद कुमार वर्मा ने शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा शासकीय विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने नियुक्ति पत्र समेत अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान कसडोल निवासी हेमंत साहू से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। उसके बयान के आधार पर पुलिस को मामले में कृष्णा अवस्थी (53), निवासी ग्राम रिसदा, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार की भूमिका का पता चला। पुलिस के मुताबिक, कृष्णा अवस्थी ने नौकरी लगाने के नाम पर हेमंत साहू से दो लाख रुपये लिए थे और इसके बदले उसे फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया था।
पुलिस ने बताया कि, कृष्णा अवस्थी फिलहाल थाना पलारी में दर्ज एक अन्य प्रकरण अपराध क्रमांक 347/2026 में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में निरुद्ध है। ऐसे में इस मामले में उसकी पूछताछ और आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई के लिए न्यायालय से विधिवत अनुमति ली जाएगी।
पुलिस फर्जी नियुक्ति पत्र, संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

