home page

(अपडेट) ब्रिगेडियर से मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज

 | 

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम जिले के वसंत विहार थाना इलाके स्थित वसंत एनक्लेव में सेना के एक ब्रिगेडियर और उनके आईआईटी में पढ़ने वाले बेटे पर हमला करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उपायुक्त अमित गाेयल के अनुसार मामले की शुरुआती जांच में लापरवाही बरतने पर संबंधित इंस्पेक्टर (जांच अधिकारी) को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना 11 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है। ब्रिगेडियर अपने घर के पास मौजूद थे, तभी उन्होंने एक कार में दो लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते देखा। उन्होंने उन्हें ऐसा करने से रोका, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि उन लोगों ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में 7-8 लोग वहां पहुंच गए और उन्होंने मिलकर ब्रिगेडियर के बेटे पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने ब्रिगेडियर के साथ भी धक्का-मुक्की की। हमले में बेटे को गंभीर चोटें आईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी