फल विक्रेता हत्याकांड में मुकदमा दर्ज, एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
हत्याकांड के खुलासे के लिए लगाई गई कई टीमें
हमीरपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में फल विक्रेता राजू निषाद की हत्या के मामले में अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को जांच तेज कर दी है। एसपी मृगांक शेखर पाठक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्य जुटाए। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
तीन दिन पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के कालपी चौराहे पर राजू निषाद के सिर में चोट लगी थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली लगने की बात सामने आने के बाद मामला हत्या का निकला। घटना के बाद परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
मंगलवार को दोपहर बाद एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर लोगों से बातचीत की। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए कोतवाली पुलिस, सर्विलांस और एस टीम गठित की गई हैं। टीमें उपलब्ध तथ्यों और संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं।मृतक राजू निषाद की पत्नी की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

