कथित धर्मांतरण मामले में मुकदमा दर्ज, तीन गिरफ्तार
जौनपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बदलापुर थाना क्षेत्र स्थित बाबपुरा गांव में रविवार को सामने आए कथित धर्मांतरण के एक मामले में पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) आतिश कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इलाके में रहने वाला सत्य शुक्ला ने थाना पुलिस को सूचना दी थी कि एक घर के अंदर अवैध धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही हैं। यहां पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद है और एक व्यक्ति लोगों को अपना धर्म बदलने के लिए सक्रिय रूप से प्रेरित कर रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद सत्य शुक्ला की ओर से लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य संदिग्ध अभी भी फरार हैं। पुलिस ने मौके से कुछ दस्तावेज भी बरामद किए, जिनका कथित तौर पर धर्मांतरण के प्रचार के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। इन दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
एएसपी ने बताया कि थाना प्रभारी को इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। घटना के समय बजरंग दल के कार्यकर्ता अमिताभ मिश्रा, अंकुश शुक्ला, अमित राय, प्रमोद शर्मा, अनुज शुक्ला और अन्य लोग मौजूद थे।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

