home page

शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध, मुकदमा दर्ज

 | 
शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध, मुकदमा दर्ज


हमीरपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के एक युवती ने तीन वर्ष तक शादी का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध रखने और बाद में दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी से इंकार करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कोतवाली में तहरीर देकर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

राठ कोतवाली के टिकारिया गांव निवासी युवती ने बताया कि उसकी जान पहचान महोबा जनपद के सूपा गांव निवासी प्रशांत राजपूत से करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि प्रशांत ने शादी का वादा कर उससे प्रेम संबंध बनाए और राठ स्थित उसके किराये के कमरे पर भी आता जाता रहा।

इस दौरान वह फोन पर भी लगातार संपर्क में रहा और युवती के माता पिता से भी शादी की बात करता था। युवती का कहना है कि आरोपित उसके परिजनों से दूसरी जगह शादी न करने का दबाव बनाता था तथा ऐसा करने पर आत्महत्या करने की धमकी भी देता था। बताया कि तीन वर्षों से दोनों की शादी की चर्चा गांव और रिश्तेदारी में होती रही। लेकिन अब प्रशांत तथा उसके माता पिता ने शादी के लिए 10 लाख रुपये नकद और एक बाइक दहेज में मांगी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उन्होंने शादी से साफ इंकार कर दिया। बताया कि मामले को लेकर सूपा गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

कोतवाल अनूप सिंह ने मंगलवार को बताया कि तहरीर के आधार पर प्रशांत राजपूत, उसके पिता रविशंकर तथा माता सती देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा