home page

पूर्व कांग्रेस पार्षद सद्दाम की मौत के मामले में पत्नी और सास-ससुर पर मुकदमा दर्ज

 | 
पूर्व कांग्रेस पार्षद सद्दाम की मौत के मामले में पत्नी और सास-ससुर पर मुकदमा दर्ज


- पिछड़ा वर्ग महिला के लिए पार्षद सीट आरक्षित होने पर मृतक पार्षद ने किया था दूसरा निकाह

मुरादाबाद, 14 नवम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र निवासी कांग्रेस के पूर्व पार्षद सद्दाम की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और सास-ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। यह मुकदमा कोर्ट के आदेश पर शनिवार को सद्दाम के पिता सफीन खां की तहरीर पर लिखा गया है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि पत्नी और सास-ससुर ने मकान और प्लाट के लिए सद्दाम को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिछड़ा वर्ग महिला के लिए पार्षद सीट आरक्षित होने पर मृतक पार्षद ने दूसरा निकाह किया था।

मूल रूप से जनपद अमरोहा के दीपुर निवासी सद्दाम (35 वर्ष) का परिवार सालों पहले मुरादाबाद आकर मझोला थाना क्षेत्र के मियां कालोनी जयंतीपुर में बस गया था। सद्दाम का पहला निकाह 12 साल पहले मझोला के आरटीओ ऑफिस के पास लाकड़ी फाजलपुर में रहने वाले कुन्दरकी थाना क्षेत्र के गांव गजीपुरा निवासी तय्यब की बेटी शमा परवीन के साथ हुआ था। 2017 में सद्दाम कांग्रेस के टिकट पर मुरादाबाद नगर निगम के वार्ड 69 से पार्षद चुना गया। साल 2022 में यह सीट पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित हुई तो सद्दाम ने मुगलपुरा के पीरगैग निवासी रूबी परवीन से निकाह कर उसे चुनाव लड़ाया और वह पार्षद बन गई। इस बीच बीते 02 अक्टूूबर की रात सद्दाम घर में अकेले थे। उनकी दोनों पत्नियां अपने मायके गई थीं। उसी दौरान मकान की तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में सद्दाम ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। जान देने से पहले पत्नी को वीडियो कॉल कर अलविदा भी कहा था।

पूर्व पार्षद की मौत के बाद मझोला पुलिस ने फॉरेंसिक विभाग की फील्ड यूनिट से जांच पड़ताल कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। उसके अगले ही दिन सद्दाम के पिता ने मझोला थाने में उसकी पहली पत्नी और सास-ससुर के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया। जिसके बाद पिता ने कोर्ट में अर्जी लगा दी।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में थाना मझोला पुलिस ने शनिवार को कोर्ट के आदेश पर सद्दाम की पत्नी शमा परवीन, ससुर तय्यब और सास शमशा के खिलाफ मझोला थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल