तालाब से अवैध खनन पर ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे बिवांर थानाक्षेत्र के भरसवां गांव के समीप स्थित राजस्व विभाग के देवी तालाब से अवैध खनन कराने के आरोप में मंगलवार को ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि 7 और 8 जून की रात तालाब से मिट्टी की खुदाई कर उसे ट्रैक्टर-ट्रालियों से बेच दिया गया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर प्रधान ने अभद्रता की और हवाई फायर कर उन्हें धमकाया, जिससे लोग वापस लौट गए।
ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश के बाद एसडीएम मौदहा करणवीर सिंह ने जांच के लिए राजस्व टीम गठित की। जांच में सामने आया कि तालाब से 25 ट्रैक्टर-ट्राली मिट्टी निकाली गई, जिसमें आठ ट्रालियां खरंजा निर्माण में उपयोग हुईं, जबकि 17 ट्रालियां बेच दी गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर राजस्व निरीक्षक रामकिशोर यादव ने ग्राम प्रधान बृजेश कुमार के विरुद्ध सुमेरपुर थाने में तहरीर दी। बिवांर थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने मंगलवार को बताया कि राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित प्रधान की तलाश की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

