home page

खुद को गोली मारकर आत्महत्या मामले में छह लोगों पर मुकदमा दर्ज

 | 
खुद को गोली मारकर आत्महत्या मामले में छह लोगों पर मुकदमा दर्ज


आत्महत्या से पहले युवक ने रोते हुए बनाए थे चार वीडियो

सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई शुरू

हमीरपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के रिठारी गांव में एक युवक के आत्महत्या के मामले में बुधवार को परिजन की तहरीर पर पुलिस ने 06 लोगों के खिलाफ मारपीट कर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।

कुरारा क्षेत्र के रिठारी गांव निवासी धीरेंद्र सिंह पुत्र बाबू सिंह ने बुधवार को थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके भाई गौरव सिंह ने एक नवंबर को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। घटनास्थल से पुलिस ने असलहा व खोखा कारतूस बरामद किया था। बताया कि दो दिन पहले मृतक के मोबाइल का पासवर्ड उसकी डायरी में लिखा मिला तब उसका मोबाइल खोल कर देखा गया तो उसने मृत्यु से पहले चार वीडियो बनाए थे। जिसमें उसने बताया है कि धमकी देने, व अपमानित किए जाने, व आत्महत्या को मजबूर करने के लिए उसे मजबूर किया गया है। बताया कि पिछले माह नलकूप में घेरकर गांव के ही घनश्याम यादव , पुष्पेंद्र यादव, योगेन्द्र यादव उर्फ जग्गा, बदलू यादव, नीरज यादव उर्फ वकील तथा डामर गांव निवासी कौशल यादव ने गौरव सिंह के साथ मारपीट की गई थी। तब उसने भाग कर अपनी जान बचाई थी। इसके बाद पुष्पेंद्र यादव ने मोबाइल फोन से उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली थी। थाना प्रभारी प्रिंस दीक्षित ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर 06 लोगों के अलावा अन्य अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि मामले की जाँच कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। बता दे आत्महत्या से पहले युवक ने वीडियो बनाये थे जो बुधवार को वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा