युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में एआईएमआईएम यूथ के पूर्व अध्यक्ष मुजाहिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, 07 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के थाना मझोला क्षेत्र में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामले में पुलिस ने आजाद नगर निवासी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) यूथ के पूर्व अध्यक्ष मुजाहिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस युवती की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
थाना मझोला प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपित के खिलाफ साेमवार काे रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
युवती के पिता ने मझोला थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी छह सितंबर को घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
आरोप है कि आजाद नगर निवासी एमआईएम यूथ के पूर्व अध्यक्ष मुजाहिद उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों के मुताबिक तलाश के दौरान आजाद नगर निवासी नदीम ने उनसे कहा कि अब उनकी बेटी वापस नहीं आएगी। इसके बाद युवती के पिता ने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।---------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

