home page

पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 
पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


आरोपी पिता-पुत्रों समेत 5 लोगों पर मुकदमा दर्ज

हमीरपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मौदहा कोतवाली क्षेत्र के परछा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर परछा गांव में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। इस सनसनीखेज गोलीकांड में सोमवार को आरोपी पिता-पुत्रों समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

परछा निवासी ज्याउद्दीन उर्फ बच्चा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह गांव के टेम्पो स्टैंड पर मौदहा जाने के लिए खड़े थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही सुम्मा पुत्र चुनूबाद, उसके दो बेटों सद्दाम व अरवाज, तथा खुर्शीद पुत्र रसीद और बच्चा पुत्र नवाब अवैध तमंचे लेकर वहां आ पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान मुख्य आरोपी सुम्मा ने पीड़ित का कॉलर पकड़कर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उन्होंने बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई। मौके पर ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी जान-माल की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि मुख्य आरोपी सुम्मा एक शातिर किस्म का अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जो हत्या के मामले में सजायाफ्ता होने के बाद फिलहाल जमानत पर बाहर आया है। इस दुस्साहसिक घटना से पीड़ित परिवार बुरी तरह सहमा हुआ है। क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने सोमवार को बताया कि तहरीर के आधार पर सभी पांचों आरोपियों सुम्मा, सद्दाम, अरवाज, खुर्शीद और बच्चा के खिलाफ हत्या के प्रयास , दंगा, जानमाल की धमकी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा