home page

विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज

 | 
विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज


हमीरपुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में अतिरिक्त दहेज में पल्सर मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकाल देने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मौदहा क्षेत्र के ग्राम नायक पुरवा इचौली निवासी काजल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 30 अप्रैल 2021 को सुमेरपुर कस्बे के चांद थोक निवासी विकास कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह में नकद, बाइक और गृहस्थी का सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। विदाई के समय से ही पल्सर मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद पति, सास, ससुर और अन्य परिजन लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते रहे। इस बीच उसके एक पुत्र और एक पुत्री का जन्म भी हुआ, लेकिन ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। तहरीर के अनुसार पति शराब के नशे में घर पहुंचा और अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए मारपीट की। विरोध करने पर उसका मोबाइल छीन लिया गया और कई दिनों तक प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि पति, सास, ससुर और अन्य परिजनों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह अपने मायके पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने सोमवार को बताया तहरीर के आधार पर पति विकास कुमार, सास मुनिया देवी, ससुर मनीराम, जेठ मनीष और देवर अंशू के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा