home page

प्रसूता की मौत के मामले में डॉक्टर व स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

 | 
प्रसूता की मौत के मामले में डॉक्टर व स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज


शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच शुरूहमीरपुर, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत मामले में पुलिस ने शनिवार को अस्पताल संचालिका और अज्ञात नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच स्वास्थ्य विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

महोबा जनपद के खन्ना गांव की रहने वाली 23 वर्षीय संगीता निषाद को प्रसव के लिए कस्बा स्थित सन लाइफ हॉस्पिटल में सोमवार को भर्ती कराया गया था। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। संगीता की मौत की खबर उसके मायके थाना सुमेरपुर क्षेत्र के मुंडेरा गांव पहुंची, उस समय उसकी छोटी बहन तृप्ति की शादी के बाद विदाई की तैयारियां चल रही थीं। खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया। मृतका के ससुर रामचंद्र की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने डॉ. अंशू मिश्रा और अज्ञात नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (1) (लापरवाही से मृत्यु) के तहत मामला दर्ज किया है।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑपरेशन के लिए 50 हजार रुपये तय हुए थे, जिसमें 30 हजार रुपये पहले ही जमा करा दिए गए थे। उनका कहना है कि मंगलवार सुबह तक संगीता की हालत सामान्य थी, लेकिन बाद में खून की जरूरत बताई गई। आरोप है कि बिना पर्याप्त जांच के गलत तरीके से खून चढ़ाने के कारण हालत बिगड़ गई और इलाज में लापरवाही से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। सीओ राजकुमार पांडेय और कोतवाल संतोष सिंह ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का इंतजारएसीएमओ डॉ.सीबी राजपूत ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। अस्पताल से प्रसव से संबंधित सभी दस्तावेज कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा