home page

जमीन बेचने का वादा देकर अधिवक्ता से ठग लिए 10 लाख, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 
जमीन बेचने का वादा देकर अधिवक्ता से ठग लिए 10 लाख, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज


मुरादाबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र के खुशहालपुर निवासी अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह से पांच लोगों ने जमीन बेचने का वादा कर दस लाख रुपये ले लिए लेकिन बैनामा नहीं कराया। मामले में अधिवक्ता ने शनिवार को पांचों के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

एडवोकेट अजय प्रताप सिंह ने बताया कि खुशहालपुर निवासी अशोक कुमार सागर, उसके बेटे सूर्य प्रताप सिंह, चंद्र प्रताप सिंह की जमीन का सौदा दस लाख रुपये में सौदा तय किया था। यह सौदा सत्यप्रकाश सिंह और जसवंत सिंह की मौजूदगी में हुआ था। अजय प्रताप का कहना है कि उन्होंने अशोक कुमार और उसके बेटों को 7 लाख 30 हजार रुपये ऑन लाइन और 2 लाख 70 हजार रुपये नकद दिए हैं।

रकम लेने के बाद पिता-पुत्रों ने जमीन का बैनामा नहीं कराया। दबाव बनाने पर आरोपित दुष्कर्म के केस में और आत्महत्या कर फंसाने की धमकी दे रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर शनिवार को पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल