home page

पुलिस पर पथराव में 16 नामजद समेत 40-50 अज्ञात पर मुकदमा

 | 
पुलिस पर पथराव में 16 नामजद समेत 40-50 अज्ञात पर मुकदमा


बाराबंकी, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के कटियारा गांव में युवक की मौत के बाद हुए बवाल और पुलिस पर पथराव के मामले में पुलिस ने 16 नामजद समेत 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत फांसी लगाने से दम घुटने के कारण होने की पुष्टि हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने गुरुवार काे बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत फांसी लगाने से सांस अवरुद्ध होने के कारण हुई। रिपोर्ट में शरीर पर किसी अन्य प्रकार की चोट नहीं मिली है। मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर कुछ लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस घटना में थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस ने इस मामले में भूपेंद्र चौहान, चंद्रिका प्रसाद, हरिश्चंद्र, कीर्तीलाल, विवेक सिंह चौहान, अभिषेक सिंह चौहान, धीरेंद्र सिंह चौहान, मुरारी यादव, आरती चौहान, शैलेंद्र चौहान, चंदन चौहान, शिवा, राम सेवक, शिलोलचना, करन समेत 16 नामजद तथा 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने, बलवा और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस पर हमला करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी