किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म मामले में रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में थाना डिलारी क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी को युवक डरा धमकाकर अगवा कर जंगल में ले गया और दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर रविवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़िता के पिता ने डिलारी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे वह बाहर से घर आया तो उसने देखा कि उसकी 14 वर्षीय बेटी घर में मौजूद नहीं है। दोपहर करीब तीन बजे बेटी घर लौटी तो वह घबराई हुई थी। उसने बताया कि वह जंगल की ओर गई थी। रास्ते में डिलारी के गक्खरपुर निवासी जावेद मिल गया और उसने डरा धमकाकर अपने साथ बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद आरोपित उसे जंगल में ले गया और दुष्कर्म किया। किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मामले में आरोपित जावेद के खिलाफ रविवार को रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। विवेचना में जो तथ्य के सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

