home page

अनूपपुर: ट्रैक्टर हादसे के 15 दिन बाद अपराध पंजीबद्ध, नाबालिग की मौत और 3 घायल हुए थे

 | 
अनूपपुर: ट्रैक्टर हादसे के 15 दिन बाद अपराध पंजीबद्ध, नाबालिग की मौत और 3 घायल हुए थे


अनूपपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र के सामतपुर-करहीवाह में 4 अगस्त को हुए ट्रैक्टर हादसे के मामले में गुरुवार को पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस दुर्घटना में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के 15 दिन बाद यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने जांच, घायलों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सामतपुर निवासी आरोपी चालक सूरज राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(A), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। विवेचक सहायक उपनिरीक्षक कोमल अरजरिया ने बताया कि चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाया था।

घटना 4 अगस्त की दोपहर करीब 1 बजे की है। सामतपुर निवासी शांति चौधरी (36), सिमित्री बाई (60), नजर चौधरी (15), सीमा चौधरी (30), केमली बाई (52) और प्राची चौधरी (27) कुल छह लोग गांव के ही सूरज राठौर के ट्रैक्टर (क्रमांक MP 65 AA 0488) में सवार होकर उसके करहीवाह स्थित खेत में रोपा लगाने गए थे। काम खत्म होने के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे।

चालक सूरज राठौर ने प्राची और शांति को अपनी बाईं ओर तथा नजर और सीमा को दाईं ओर इंजन की सीट पर बैठाया था। सिमित्री बाई और केमली बाई ट्रॉली में बैठी थीं। चश्मदीदों के अनुसार, चालक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार और लापरवाही से लहराते हुए चला रहा था। सीट पर बैठे लोगों ने उसे कई बार गति धीमी करने को कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।

ऐसे हुआ हादसा

जगदीश बड़गैया के खेत पर बने मकान के पास स्थित बिजली के खंभे के करीब पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ट्रैक्टर का इंजन सीसी रोड के बाईं ओर खाली खेत में पलट गया। इस हादसे में ट्रॉली तो नहीं पलटी, लेकिन इंजन के नीचे दबने से नजर चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। शांति, सीमा और प्राची भी इंजन के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला