नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म, अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने बाद 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में केस
मुरादाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के थाना भोजपुर क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म, अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और बाद में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोजपुर के सिरसवां गौड़ निवासी वादी ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी की ससुराल में रिश्तेदारी होने के कारण आरोपित मोहम्मद फैज़ पुत्र जफीर का उनके घर आना-जाना था। आरोप है कि इसी दौरान वर्ष 2023 से 2025 के बीच आरोपित ने उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपनी बातों में फंसाया और उसकी मर्जी के बिना कई बार दुष्कर्म किया।
इस दौरान आरोपित ने पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। आरोप है कि आरोपी इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी। वादी ने बताया कि पीड़िता की शादी 18 जून 2025 को हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी आरोपी और उसके परिजनों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष ने पीड़िता के साथ अभद्रता करने का प्रयास किया और विरोध करने पर 23 फरवरी 2026 को मारपीट कर जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद समाज में बदनाम करने की नीयत से पीड़िता के अश्लील फोटो लोगों को भेजने तथा समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर भोजपुर पुलिस ने मोहम्मद फैज़, फैज़ी, जफीर अहमद, सिद्दीक, मुस्लिमा तथा कैफिया सहित छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

