खाद की कालाबाजारी में घिरे केंद्र संचालक, कृषि अधिकारी की तहरीर पर केस
बहराइच, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में किसानों को खाद की उपलब्धता और वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के दावों के बीच खाद की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। टिकोरामोड़ स्थित आईएफडीसी कृषक सेवा केंद्र पर जांच के दौरान पीओएस मशीन में दर्ज खाद के स्टॉक और केंद्र पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में अंतर मिला। इस पर खाद की कालाबाजारी की आशंका जताते हुए केंद्र संचालक महेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने सहायक आयुक्त सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह के साथ केंद्र का औचक निरीक्षण किया था। कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित इस केंद्र पर जांच के दौरान 87.75 मीट्रिक टन यूरिया और 19 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध मिली थी।
निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और केंद्र पर मौजूद खाद के वास्तविक स्टॉक का मिलान किया गया।
इसमें दोनों के बीच अंतर पाया गया। इसके बाद आशंका जताई गई कि मशीन में उर्वरक का गलत हिसाब दर्ज कर खाद की कालाबाजारी की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए थे।
अपर जिला कृषि अधिकारी ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने कोतवाली देहात में केंद्र संचालक के खिलाफ तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी देहात दद्दन सिंह ने बुधवार काे बताया कि दो दिन पहले तहरीर मिली थी। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
स्टॉक में अंतर सामने आने के बाद खाद के भंडारण और वितरण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और वास्तविक उपलब्धता में अंतर किन परिस्थितियों में आया और इसके पीछे खाद की कालाबाजारी की गई थी या नहीं।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

