(अपडेट) उज्जैन में महिला की शिकायत के बाद महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज
उज्जैन, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सदावल मार्ग स्थित दादूराम आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर महाकाल थाना पुलिस ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
महाकाल थाना पुलिस के अनुसार फरियादी महिला ने लगाए गए आरोपों के साथ दस्तावेज व अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे थे। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। जांच के दौरान तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार की रात ज्ञानदास के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस ने ज्ञानदास से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
पुलिस के अनुसार महामंडलेश्वर अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। दूसरी ओर महिला ने ज्ञानदास के साथ हुई व्हाट्सएप चैट भी पुलिस को सोपी थी। चैट में गर्भपात कराने के लिए डॉक्टर के पास जाने तथा गर्भधारण को लेकर भी चेटिंग मिली।
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि ज्ञानदास ने पहले नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और प्रेम संबंध का विश्वास दिलाया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि आश्रम परिसर में ही गुप्त रूप से विवाह कराया गया, जिसके फोटो और वीडियो भी तैयार करवाए गए। बाद में गर्भवती होने पर गर्भपात कराया गया और पूरी घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
शुक्रवार देर रात प्रकरण दर्ज होने के बाद महामंडलेश्वर ज्ञानदास के आश्रम छोडऩे की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि उनके शिष्य जुगलदास ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार रात महाराज की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद वे इलाज के लिए आश्रम से चले गए।
इसी बीच आश्रम में पहले रह चुकी एक अन्य महिला ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने प्रदेश के गृह मंत्री, डीजीपी, आईजी और एसपी को भी लिखित शिकायत भेजी है। महिला का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी मुलाकात दत्त अखाड़ा आश्रम में ज्ञानदास से हुई थी। वर्ष 2025 की गुरु पूर्णिमा के दौरान वह अपने भाई के साथ आश्रम पहुंची थी और कुछ दिन वहीं रुकी थी। इसी दौरान ज्ञानदास ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। विरोध करने पर मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
इस संबंध में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि मामला गंभीर होने पर ज्ञानदास के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

