मकान में सोई दो बहनों को बंधक बना कर आभूषण लूटे, एक का कपड़े से मुंह बांधा, दम घुटने से हुई मौत
चित्तौड़गढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले के राशमी थाना क्षेत्र में आने वाले बावलास गांव में रविवार रात को दो बहनों को बंधक बना कर लूट की वारदात हुई है। विरोध करने और चिल्लाने पर बड़ी बहन का बदमाशों ने कपड़े से मुंह बांध दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसके शव को चिकित्सालय पहुंचाया गया है। राशमी थाना पुलिस एवं पुलिस उप अधीक्षक मौके पर पहुंचे हैं। मामले की जांच की जा रही है। फाेरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। दोनों ही बहनों की उम्र 60 साल से अधिक बताई गई है।
गंगरार पुलिस उप अधीक्षक उदयसिंह ने बताया कि सर्कल में आने वाले राशमी थाना क्षेत्र के बावलास गांव में बीती रात को यह वारदात हुई। रविवार रात करीब 1.30 बजे बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गांव में ही एक मकान में दो सगी बहने भगवानी (66) पत्नी नारायण अहीर तथा लेहरीबाई (63) पुत्री नाथूलाल अहीर साथ रहती है। उनके परिवार में और भी कोई रिश्तेदार नहीं बताया गया। रात करीब 1.30 बजे अज्ञात बदमाश रस्सी बांध कर पीछे से मकान में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। यहां बदमाशों ने दोनों बहनों से मारपीट की और इनके पैर में पहनी चांदी की कड़ियों को आरी से काट दिया। इस दौरान एक बहन के मुंह पर मुक्का मारा, जिससे वह शांत बैठ गई जबकि दूसरी विरोध कर रही थी। इस पर बदमाशों ने उसे दबोच लिया तथा उसका मुंह मुंह बंद करने के लिए कपड़ा बांध दिया। बदमाशों में दोनों के पैर में पहनी कड़िया काटने के अलावा उनके अन्य आभूषण भी लूट लिए। बाद में बदमाश मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने बड़ी बहन भगवानी अहीर का मुंह कपड़े से बांधा था, ऐसे में आशंका है कि इससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी बहन लेहरी बाई ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। रात में ही करीब 3.30 पर रात में थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी लेकर उच्च अधिकारियों पर अवगत कराया। इस पर गंगरार पुलिस उप अधीक्षक उदयसिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस पुलिस ने मौका देखा है और यहां से चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय से फाेरेंसिे टीम को बुलाया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस में दोनों ही बहनों के नजदीक रिश्तेदारों को सूचित किया है। आस-पास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे हैं। वारदात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश दिखाई दे रहा है। पुलिस उप अधीक्षक उदयसिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अज्ञात बदमाशों के संबंध में तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

