मुरादाबाद : सर्राफ से एक लाख की रंगदारी वसूलने में किसान नेता व उसके बेटों पर मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना सिविल लाइंस निवासी सर्राफ से एक लाख की रंगदारी वसूलने में किसान नेता और उसके दो बेटों के खिलाफ गुरुवार को थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी।
मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस के मंगल का बाजार हरथला निवासी शीतल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके पति रोहित विश्नोई सर्राफ (आभूषण विक्रेता) हैं। हरथला में उनकी दुकान है। बीती दो मई को किसान नेता जितेंद्र सिंह उनकी दुकान पर पहुंचे और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न देने पर व्यापार बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी। महिला का दावा है कि आरोपी उसके पति से अलग-अलग तारीख में एक लाख रुपये वसूल चुके हैं। इतना ही नहीं उनके पुराने मकान के निर्माण को रुकवाने के नाम पर भी पांच लाख रुपये की मांग की गई है। महिला ने पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और फोन कॉल की सीडीआर भी उपलब्ध कराई है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित जितेंद्र सिंह, उनके बेटे कुलदीप और विपिन के खिलाफ रंगदारी वसूलने और धमकी देने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

