सोशल मीडिया पर पशु बलि एवं वन्य जीव शिकार के वीडियो हुए थे वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भैंस के बछड़े (पाड़े) की बलि एवं संरक्षित वन्यजीव खरगोश का निर्ममतापूर्वक शिकार कर उसके वीडियो वायरल करने के मामले में डीएसटी एवं थाना चंदेरिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं वन्य जीव हत्या एवं बलि में प्रयुक्त धारदार तलवार भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह ने बताया कि 28 जुलाई को डीएसटी के एएसआई सूरज कुमार को प्रकाश राजपुरोहित, अध्यक्ष सुरभि गौ सेवा संस्थान, पाली (ग्रामीण) ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो की सूचना दी गई। इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में शंकरलाल बागरिया नामक व्यक्ति की और से इंस्टाग्राम आईडी पर एक पाड़े (भैंस के बच्चे) को धारदार हथियार से काट कर उसकी निर्मम हत्या (बलि) का व एक जंगली खरगोश को जाल में फंसा कर बेरहमी से तड़पा-तड़पा कर उसकी निर्मम हत्या कर शिकार का वीडियो बनाया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम आईडी से उक्त दोनों विडियो वायरल किए गए थे। इसके बारे में चंदेरिया थानाधिकारी मधु कंवर को सूचना दी गई। उक्त दोनों विडियो की जांच की गई। एक वीडियो में शोभा बागरिया की और से धारदार हथियार से भैंस के बछड़े की गर्दन काट कर मारना सामने आया। वहीं शंकर बागरिया दूसरे वीडियो में जीवित खरगोश को जाल में फंसा निर्मम रूप से मार रहा था। यह दोनों ही कृत्य संज्ञेयअपराध की परिधि में सामने आए। इस पर चंदेरिया थाने पर शोभा बागरिया के विरूद्ध अपराध राजस्थान पशु और पक्षी बलि (प्रतिषेध) अधिनियम 1975 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 व आर्म्स एक्ट व धारा 325 बीएनएस 2023 एवं शंकर बागरिया के विरूद्ध अपराध वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 व धारा 325 बीएनएस 2023 के तहत प्रकरण दर्ज किए। मामले में चन्देरिया थाना क्षेत्र के अमोलिया निवासी शोभालाल पुत्र हरिराम बागरिया तथा शंकर पुत्र हरजी बागरिया को डीएसटी चित्तौड़गढ़ एवं चंदेरिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने पशु वध में प्रयुक्त धारदार तलवार बरामद की। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान कर उक्त दोनों आरोपियों की क्राइम हिस्ट्री खंगाल कर इनकी और से कहां-कहां अपराध किए हैं इसके बारे में जांच होगी। आरोपियों की गिरफ्तारी में चंदेरिया थानाधिकारी मधुकंवर राजपुरोहित, हैड कांस्टेबल शक्तिसिंह, विक्रम सिंह, कांस्टेबल शंकरलाल चालक, अर्जुनलाल, डीएसटी टीम के एएसआई
सूरज कुमार, कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, जगदीश, शिशपाल, सुरेश सुंडा, देवेंद्र, वीरेंद्र की टीम ने आरोपियों को पकड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

