राजगढ़ः तीन दुकानों से 42 नग सामग्री और 4 कार्बाइड गन जब्त, आदेश उल्लंघन पर प्रकरण दर्ज
राजगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना पुलिस ने गुरुवार की रात सोमवारिया रोड और भोजपुर नाका क्षेत्र की तीन दुकानों पर कार्रवाई करते हुए दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई में कार्बाइड गन बनाने की सामग्री के 42 नग और 4 कार्बाइड गन बरामद की गईं।
थानाप्रभारी कमलसिंह गहलोत ने शुक्रवार को बताया कि बीती रात पुलिस टीम को भ्रमण के दौरान कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन कर दुकानों पर कार्बाइड गन बनाने की सामग्री और गन रखे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तीन अलग-अलग दुकानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई सोमवारिया रोड स्थित भोजपुर नाका की वेल्डिंग दुकान पर की गई। यहां से मनोज विश्वकर्मा (45) निवासी सोमवारिया की दुकान से कार्बाइड गन बनाने की सामग्री के 22 नग मिले। दूसरी कार्रवाई इसी क्षेत्र की एक अन्य वेल्डिंग दुकान पर हुई। यहां से मोहम्मद अबरार (26) निवासी तोपखाना गेट की दुकान से सामग्री के 20 नग बरामद किए गए। तीसरी कार्रवाई भोजपुर नाका स्थित श्रीहरि कॉम्प्लेक्स की बुरहानी हार्डवेयर दुकान पर की गई। यहां से दुकानदार फजल हुसैन (29) निवासी कसेरा गली के कब्जे से 4 कार्बाइड गन बरामद की गईं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 223(ए)बीएनएस और 188 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस ने दुकानदारों सहित अन्य लोगों को भी प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करने की हिदायत दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

