राजगढ़ः एटीएम बदलकर उड़ाए 47 हजार रुपए से अधिक, अज्ञात पर केस दर्ज
राजगढ़, 6 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना क्षेत्र के एसबीआई एटीएम में एक युवक के साथ कार्ड बदलकर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी सोनू पिता जमनालाल बाल्मीकि (30), निवासी वार्ड क्रमांक 04 सुठालिया ने बताया कि बीती मंगलवार शाम अपने पिता के साथ एटीएम से पैसे निकालने गया था। उसने अपने पिता का एटीएम कार्ड मशीन में लगाया और राशि निकालने लगा। इसी दौरान करीब 20-25 साल का एक अनजान युवक पीछे खड़ा हो गया। फरियादी के अनुसार वह युवक उसके पीछे खड़े होकर पिन देखता रहा और बोला कि आपने गलत बटन दबा दिया है। इसके बाद उसने एटीएम मशीन से कार्ड निकाल लिया और धोखे से कार्ड बदलकर उसकी जगह दूसरा कार्ड दे दिया, साथ ही वह मौके से फरार हो गया। बाद में बैंक खाते की जांच में पता चला कि आरोपित ने धोखाधड़ी करते हुए 47,189 की राशि निकाल ली है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी अनिल राहोरिया का कहना है कि प्रकरण में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही बैंक के आसपास लगे सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

