राजगढ़ःधनिया बेचकर लौट रहे किसान से नकदी लूट कर ले गए बदमाश
राजगढ़, 05 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में माचलपुर थाना क्षेत्र में ग्राम मल्हारपुरा व मोइली रोड़ पर शनिवार की रात तीन अज्ञात बदमाश एक किसान के साथ मारपीट कर नकदी लूट कर ले गए,जो मंडी से धनिया बेचकर गांव लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार ग्राम सनखेड़ी निवासी 19 वर्षीय हीरालाल पुत्र हरीसिंह गुर्जर ने बताया कि बीती रात वह मंडी में धनिया बेचकर ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में ग्राम मल्हारपुरा और मोइली रोड के बीच तीन अज्ञात बदमाशों ने उसका ट्रैक्टर रुकवाया। पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने उसे अचानक रोककर मारपीट की और उसके पास रखे 18 हजार रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद किसान किसी तरह माचलपुर थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने मौके का मुआयना कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में रात के समय बढ़ रही वारदातों को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ाने की बात भी कही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

