राजगढ़ः नवविवाहिता की मौत के मामले में ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग व आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज
राजगढ़, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कुरावर थाना क्षेत्र के ग्राम झाड़ला में 22 वर्षीय नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को ससुर, बड़ी सास और जेठानी के खिलाफ दहेज की मांग कर प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए मजबूर करने का प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, गत 14 मार्च को ग्राम झाड़ला निवासी सोनाबाई पति सुनील दांगी ने अपने घर के कमरे में कुंदे से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि सोनाबाई को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में पैसा और सामान की मांग को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि ससुर, बड़ी सास और जेठानी द्वारा उसे ताने दिए जाते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में थी और इसी प्रताड़ना के चलते उसने यह कदम उठाया। बताया गया कि वर्ष 2021 में सोनाबाई का विवाह सुनील दांगी से हुआ था और उसका सात महीने का एक बालक भी है। पुलिस ने मर्ग जांच के आधार पर आरोपित ससुर राधेश्याम पुत्र चुन्नीलाल दांगी, बड़ी सास कलाबाई पत्नी निरपत दांगी और जेठानी संगीताबाई पत्नी संतोष दांगी निवासी झाड़ला के खिलाफ धारा 85, 80(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

