home page

राजगढ़ः महिला की मौत के मामले में पति, सास और ससुर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

 | 
राजगढ़ः महिला की मौत के मामले में पति, सास और ससुर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज


राजगढ़, 18 मार्च(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दौलाज में हुई 45 वर्षीय महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को मर्ग जांच के आधार पर पति,सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार 15 मार्च की सुबह ग्राम दौलाज स्थित कुएं में 45 वर्षीय ललिताबाई का शव उतराता हुआ मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि ससुराल पक्ष के लोग महिला को मानसिक व शारीरिक रुप से प्रताड़ित करते थे, जिससे वह आत्महत्या करने को मजबूर हुई। पुलिस ने मामले में मृतिका के पति रोडमल दांगी, ससुर देवीलाल दांगी और सास बादामबाई निवासी दौलाज के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया और तात्कालिक कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपितों को अदालत में पेश किया,जहां से उन्हें जेल भेजा। प्रकरण में मृतिका की बेटी गायत्री ने अपने पिता,दादा और दादी पर हत्या के आरोप लगाए थे। मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि शादी के बाद से ही ललिताबाई को मानसिक व शारीरिक रुप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते कई बार वह मायके में आकर रहने लगी, लेकिन बाद में समझौता कर ससुराल लौट जाती थी।थानाप्रभारी उमाशंकर मुकाती का कहना है कि मामले में परिजनों के आरोप और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर केस दर्ज किया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का वास्तविक कारण पता लग सकेगा,उसी आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक