home page

राजगढ़ः नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत मांगे 22 लाख रुपये, नहीं देने पर गांव में आग लगाने की धमकी

 | 
राजगढ़ः नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत मांगे 22 लाख रुपये, नहीं देने पर गांव में आग लगाने की धमकी


राजगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र में नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत 22 लाख रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर गांव में आग लगाकर नुकसान करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। 25 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति, जेठ और ससुर पर यह आरोप लगाया है। पुलिस ने शनिवार को तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम रामपुरिया निवासी और वर्तमान में मायके देहरीजागीर में रह रही कोयलबाई (25) ने शिकायत में बताया कि उसकी करीब तीन साल पहले इकराज तंवर निवासी रामपुरिया से शादी हुई थी। दोनों का दो माह का बेटा है। विवाहिता का आरोप है कि 3 नवंबर को पति और जेठ ने उस पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने का आरोप लगाते हुए चरित्रहीन कहा और उसे बेटे के साथ घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके देहरीजागीर आकर रहने लगी।

विवाहिता के मुताबिक बीती शाम उसके ससुराल पक्ष के लोग मायके पहुंचे। वहां उसके पिता से कहा कि उनकी बेटी चरित्रहीन है और वे उसे अपने साथ नहीं रखेंगे। इसके बाद नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत 22 लाख रुपए देने की मांग की। आरोप है कि रकम नहीं देने पर गांव में आग लगाकर नुकसान करने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने महिला की षिकायत पर पति इकराज तंवर, ससुर गुलाबसिंह और जेठ मोहन तंवर निवासी रामपुरिया के खिलाफ धारा 308(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच षुरु की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक